मिर्जापुर। गंगा दशहरा पर्व के अवसर पर नगर के ऐतिहासिक पक्का घाट पर श्रद्धा और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। पतित पावनी मां गंगा की विशेष पूजा-अर्चना और आरती का आयोजन राष्ट्रवादी मंच के तत्वावधान में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लेकर मां गंगा का जयकारा लगाया और विधिवत पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
कार्यक्रम के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार के बीच आचार्य द्वारा विधि-विधान से मां गंगा का पूजन कराया गया। श्रद्धालुओं ने दीप जलाकर मां गंगा की आरती उतारी और गंगा तट पर भक्तिमय वातावरण बना रहा। गंगा घाट “हर-हर गंगे” और “जय मां गंगे” के उद्घोष से गूंज उठा।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने मां गंगा की स्वच्छता, निर्मलता और अविरलता बनाए रखने का सामूहिक संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि गंगा केवल एक नदी नहीं बल्कि भारतीय संस्कृति, आस्था और जीवन का आधार हैं। सदियों से मां गंगा करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र रही हैं और उनकी पवित्रता को बनाए रखना हर नागरिक का दायित्व है।
राष्ट्रवादी मंच के अध्यक्ष मनोज श्रीवास्तव ने कहा कि बिना जनजागरण के अपनी संस्कृति और संस्कारों का संरक्षण संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि गंगा की स्वच्छता के नाम पर विभिन्न सरकारों द्वारा कई योजनाएं चलाई गईं, लेकिन अधिकांश योजनाएं धरातल पर प्रभावी रूप से लागू नहीं हो सकीं। उन्होंने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार के कारण गंगा सफाई की योजनाएं अपेक्षित परिणाम नहीं दे पाईं।
उन्होंने कहा कि आज भी गंगा में गिरते गंदे नाले इस बात के प्रमाण हैं कि योजनाओं को केवल कागजों तक सीमित रखा गया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि “धूल चेहरे पर लगी थी और लोग आईना साफ करते रहे।” साथ ही उन्होंने लोगों से अपील की कि गंगा की स्वच्छता के लिए केवल सरकार पर निर्भर रहने के बजाय समाज को भी आगे आना होगा।
कार्यक्रम में आनंद अग्रवाल, मनोज दमकल, राजेश सिंहा सहित कई गणमान्य लोग और श्रद्धालु उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान घाट पर भक्तिमय माहौल बना रहा और श्रद्धालुओं ने मां गंगा से सुख-समृद्धि एवं कल्याण की कामना की।
गंगा दशहरा पर पक्का घाट पर हुई मां गंगा की विशेष आरती, स्वच्छता और अविरलता का लिया संकल्प
May 27, 2026 4:55 PM
---Advertisement---
































