मनोरंजन

फतहा घाट पर गरिमामय ‘विन्ध्य स्वर संध्या’: डॉ. दिनेश शर्मा ने किया पं. छन्नूलाल मिश्र स्मृति मंच का लोकार्पण

मिर्जापुर।भारतीय शास्त्रीय संगीत, सांस्कृतिक चेतना एवं विन्ध्य क्षेत्र की गौरवशाली सांगीतिक परंपरा को समर्पित भव्य सांस्कृतिक संध्या “विन्ध्य स्वर संध्या” का आयोजन दिनांक 27 मई 2026 को सायं 06:00 बजे से देर रात्रि तक फतहा घाट, मिर्जापुर पर अत्यंत गरिमामय एवं भव्य वातावरण में सम्पन्न हुआ। यह आयोजन नगर पालिका परिषद, मिर्जापुर के अध्यक्ष श्री श्याम सुंदर केशरी जी के कार्यकाल के तीन वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान नगर पालिका परिषद, मिर्जापुर द्वारा नव-निर्मित पद्मविभूषण पंडित छन्नूलाल मिश्र स्मृति मुक्तकाशीय मंच का लोकार्पण मुख्य अतिथि पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं वर्तमान राज्यसभा सांसद डॉ. दिनेश शर्मा जी द्वारा किया गया। इस अवसर पर उनके साथ भाजपा मिर्जापुर जिलाध्यक्ष श्री लाल बहादुर सरोज, मझवां विधायक श्रीमती सुचिस्मिता मौर्य, वाराणसी पे पधारे राज्यमंत्री श्री हंसराज विश्वकर्मा, जिलाधिकारी श्री पवन कुमार गंगवार, पद्मश्री पंडित ऋत्विक सन्याल, पंडित रामानंद तिवारी, प्रोफेसर भवभूति मिश्रा सहित जनपद के अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

पूरा फतहा घाट जनसमूह से भरा हुआ था तथा संपूर्ण वातावरण संगीत, संस्कृति एवं आध्यात्मिक ऊर्जा से ओत-प्रोत दिखाई दे रहा था। मिर्जापुर में इस प्रकार के उच्चस्तरीय सांस्कृतिक आयोजन का होना जनपद के लिए अत्यंत गौरव एवं प्रसन्नता का विषय रहा।

यह आयोजन पद्मविभूषण पं. छन्नूलाल मिश्र काशी संगीत न्यास, वाराणसी (रजि.) की अध्यक्ष प्रो. नम्रता मिश्रा एवं नगर पालिका परिषद, मिर्जापुर के संयुक्त तत्वावधान में सम्पन्न हुआ।

कार्यक्रम में देश के प्रतिष्ठित कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया।
पद्मश्री पं. शिवनाथ मिश्र द्वारा प्रस्तुत सितार वादन ने श्रोताओं का मन मोह लिया। उनके साथ उनके सुपुत्र श्री देवव्रत मिश्र ने अद्भुत जुगलबंदी प्रस्तुत की तथा तबले पर उनके नाती श्री प्रशांत मिश्र ने अपनी उत्कृष्ट संगत से कार्यक्रम को विशेष ऊँचाई प्रदान की।

इसके उपरांत विदुषी सुचरिता गुप्ता ने कजरी, चैती की भावपूर्ण प्रस्तुती से संगीतप्रेमियों को अभिभूत किया। वहीं कोलकाता से पधारी पंडित जी की वरिष्ठ शिष्या विदुषी श्रीमती विष्णुप्रिया चक्रवर्ती ने अपने गुरु जी द्वारा सिखाई दादरा, चैती तुम्ही और भजन की प्रभावशाली सांगीतिक प्रस्तुति दी।

कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पालिका परिषद अध्यक्ष श्री श्याम सुंदर केशरी द्वारा की गई।

अपने संबोधन में मुख्य अतिथि डॉ. दिनेश शर्मा ने पद्मविभूषण पंडित छन्नूलाल मिश्र जी को स्मरण करते हुए भावुकता व्यक्त की तथा उनकी सुपुत्री प्रो. डॉ. नम्रता मिश्रा द्वारा संगीत एवं सांस्कृतिक संरक्षण हेतु किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें शुभकामनाएँ प्रदान कीं। उन्होंने कहा कि —
“अब तक नम्रता जी केवल काशी की बेटी थीं, किंतु मिर्जापुर को अपनी कर्मस्थली बनाने के कारण अब वे काशी एवं मिर्जापुर — दोनों की बेटी हैं।”

कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु उपस्थित समस्त अतिथियों, कलाकारों, संगीतप्रेमियों एवं नगरवासियों के प्रति आयोजकों द्वारा आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम का संचालन डॉ अम्बुज कुमार पाण्डेय ने किया।

मुख्य न्यूज़लेटर

देश-दुनिया की ताज़ा खबरें सीधे अपने ईमेल पर प्राप्त करें।