केंद्र-प्रदेश सरकार की योजनाओं की उपलब्धियों की प्रदर्शनी का शुभारंभ, मिर्जापुर बीएलजे ग्राउंड में उमड़े लोग
मिर्जापुर, 01 नगर विधानसभा क्षेत्र के बीएलजे ग्राउंड महुवरिया में केंद्र व प्रदेश सरकार की विकासपरक एवं जन कल्याणकारी योजनाओं की उपलब्धियों पर आधारित तीन दिवसीय प्रदर्शनी का रविवार को भव्य शुभारंभ किया गया।
सूचना एवं जनसंपर्क विभाग उ0प्र0 लखनऊ द्वारा आयोजित इस प्रदर्शनी का उद्घाटन विधायक नगर रत्नाकर मिश्र, भाजपा जिलाध्यक्ष लाल बहादुर सरोज, जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार तथा नगर पालिका परिषद अध्यक्ष श्याम सुन्दर केसरी ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। उद्घाटन के साथ ही प्रदर्शनी देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।
विधायक रत्नाकर मिश्र ने कहा कि यह प्रदर्शनी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सबका साथ सबका विकास’ तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अंत्योदय के संकल्प को धरातल पर उतारने का जीवंत उदाहरण है। प्रदर्शनी में आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास, उज्ज्वला योजना, हर घर नल जल मिशन, एक जनपद एक उत्पाद, मिशन शक्ति, विंध्य कॉरिडोर, अयोध्या राम मंदिर, फोर लेन, सामूहिक विवाह, निराश्रित महिला पेंशन जैसी योजनाओं की उपलब्धियों को प्रमुखता से दर्शाया गया है।
उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र पर काम कर रही है। मिशन शक्ति से बेटियों को सुरक्षा और एक जनपद एक उत्पाद से मिर्जापुर के कालीन व पीतल उद्योग को वैश्विक पहचान मिली है। जिले में राजकीय मेडिकल कॉलेज, मां विंध्यवासिनी राज्य विश्वविद्यालय, विंध्य कॉरिडोर, गंगा पर पीपा पुल व सिक्स लेन पुल का निर्माण हुआ है।
विधायक ने कहा कि सरकार चाहती है कि अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक योजना का लाभ पहुंचे। इसके लिए लोगों को योजनाओं की जानकारी होना जरूरी है और इसी मकसद से यह प्रदर्शनी लगाई गई है।
जिला सूचना अधिकारी ओम प्रकाश उपाध्याय ने अतिथियों का पुष्प गुच्छ से स्वागत किया और प्रदर्शनी का अवलोकन कराया। यह प्रदर्शनी 03 जून 2026 की रात 9 बजे तक आम जनता के लिए खुली रहेगी।
इस मौके पर जिला महामंत्री रवि शंकर पांडे, स्वामी नाथ सिंह, जिला उपाध्यक्ष हेमंत त्रिपाठी, गौरव उमर, मंडल अध्यक्ष उमेश त्रिपाठी, नितिन विश्वकर्मा, नगर अध्यक्ष डाली अग्रहरि, सभासद सतीश उपाध्याय, इंद्रजीत सिंह, कमलेश मौर्य, वीरेंद्र यादव, मीडिया प्रभारी भावेश शर्मा सहित कई लोग मौजूद रहे।
मुख्य न्यूज़लेटर
देश-दुनिया की ताज़ा खबरें सीधे अपने ईमेल पर प्राप्त करें।