राजनीति

मतदाता सूची में बदलाव पर सपा का विरोध, डीएम से मिलकर मांगा पूरा विवरण

मिर्जापुर। समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष देवी प्रसाद चौधरी के निर्देश पर सपा का एक प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने जिले की मिर्जापुर, छानबे, चुनार,…

23/04/2026
By dpdigitalsolution82@gmail.com

मिर्जापुर। समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष देवी प्रसाद चौधरी के निर्देश पर सपा का एक प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने जिले की मिर्जापुर, छानबे, चुनार, मझवां एवं मड़िहान विधानसभा क्षेत्रों में मतदाता सूची के पुनरीक्षण/संशोधन के दौरान किए गए बदलावों पर आपत्ति जताई।

प्रतिनिधिमंडल ने उन मतदाताओं का विस्तृत विवरण मांगा जिनके नाम सूची से काटे गए हैं, जोड़े गए हैं, स्थानांतरित (परिवर्तित) किए गए हैं, अथवा जिन्हें मैपिंग या लॉजिकल एरर की श्रेणी में दर्ज किया गया है।

सपा नेताओं ने मांग की कि उपरोक्त सभी श्रेणियों—नाम कटना, जोड़ना, स्थानांतरण, मैपिंग एवं लॉजिकल एरर—से संबंधित मतदाताओं का स्पष्ट एवं प्रमाणिक विवरण उपलब्ध कराया जाए, ताकि आवश्यक जांच एवं सत्यापन किया जा सके।

इसी क्रम में उपजिलाधिकारी सदर गुलाबचंद्र से मझवां विधानसभा अध्यक्ष झल्लू यादव ने मझवां क्षेत्र के जोड़े और काटे गए नामों की सूची मांगी। वहीं, चुनार विधानसभा अध्यक्ष राणा प्रताप सिंह ने उपजिलाधिकारी चुनार राजेश वर्मा से संबंधित मतदाता सूची की मांग की।

छानबे विधानसभा अध्यक्ष सोकिम अहमद ने उपजिलाधिकारी लालगंज से काटे और जोड़े गए नामों की सूची उपलब्ध कराने का अनुरोध किया।

सपा नेताओं ने कहा कि इस संबंध में निर्वाचन आयोग को पत्र भेजा जाएगा तथा 24 अप्रैल को जिलाधिकारी से औपचारिक शिकायत कर मतदाता सूची पर आपत्ति दर्ज कराई जाएगी।

प्रतिनिधिमंडल में जिला महासचिव आदर्श यादव, झल्लू यादव, सोकिम अहमद, राणा प्रताप सिंह, कांधा यादव, हरिशंकर यादव, जुम्मन खान सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे।